लुधियाना| श्री नवदुर्गा मंदिर सराभा नगर में अनहद-नाद-ए भक्ति जैम एक्सपीरियंस का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन डॉ. संगीता बी. कुशवाहा और पूजा तुली द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग की 100 से अधिक महिलाओं और लगभग 30 पुरुषों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। संध्या की शुरुआत डॉ. संगीता बी. कुशवाहा द्वारा प्रस्तुत गुरु श्लोक से हुई। इसके बाद गणेश श्लोक और पूजा तुली द्वारा गाया गया, प्रभावशाली शिव श्लोक प्रस्तुत किया गया। जालंधर से आए गायक सुखदेव ने राम धुन और अंबे चरण कमल हैं तेरे की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। डॉ. संगीता बी. कुशवाहा ने पद्मासन में ध्यान लगाए कौन है और ओ पालनहारे भजन गाकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं राधिका खोसला और सोना खोसला द्वारा प्रस्तुत कैलाशों के वासी भजन ने पूरे सभागार को श्रद्धा और शांति से भर दिया। इस दौरान कई प्रतिभागी भाव-विभोर होकर भक्ति में नृत्य करने लगे। डॉ. संगीता बी. कुशवाहा और पूजा तुली ने कहा कि भजन जैमिंग का उद्देश्य गायक और श्रोता के बीच की दूरी को समाप्त करना है। अनहद-नाद को एक ऐसे मंच के रूप में कल्पित किया गया था, जहां भक्ति बिना किसी प्रदर्शन या परिपूर्णता के दबाव के स्वतः प्रवाहित हो।


