अनियंत्रित वाहन पुल से 15 फीट नीचे गिरा, पांच गंभीर

भास्कर न्यूज | राजपुर मकर संक्रांति के अवसर पर बलरामपुर के तातापानी महोत्सव में शामिल होने जा रहे युवाओं की टोली हादसे का शिकार हो गई। बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर अलगडीहा के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पुल से 15 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र से सात लोग बोलेरो सीजी 14 एमयू 1229 में सवार होकर तातापानी महोत्सव देखने जा रहे थे। भेड़ाघाट और महान नदी के बीच स्थित पुल के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बोलेरो सीधे नीचे जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद राजपुर पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर लाया गया। विवेक यादव (25), अंकुश यादव (18) और भीम (25) की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं, अन्य घायल राहुल यादव (25) और संतोष (26) का इलाज जारी है। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। पुलिस के मुताबिक मौके पर पांच घायल मिले, जबकि शेष दो लोगों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, जिनकी तलाश की जा रही है। हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और अनियंत्रित ड्राइविंग मानी जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर रास्ता साफ कराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *