अतिथि व्याख्याताओं ने विधायक से की नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा की मांग

भास्कर न्यूज | राजिम शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजिम के अतिथि व्याख्याताओं ने आज राजिम विधायक रोहित साहू से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान अतिथि व्याख्याताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें उनके नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा के मुद्दे पर अपनी बात रखी गई। ज्ञापन में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत अतिथि व्याख्याताओं ने विगत कई वर्षों से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अस्थायी सेवा शर्तों के बावजूद, वे शिक्षण, परीक्षा, मूल्यांकन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर रहे हैं। अतिथि व्याख्याताओं ने अपनी मांगों को लेकर विधायक से अनुरोध किया कि वे मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री से पत्राचार कर इस समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। अतिथि व्याख्याताओं ने मांग की कि उन्हें ‘समान कार्य-समान वेतन’ के सिद्धांत के तहत नियमित सहायक प्राध्यापक के मूल वेतन ₹57,700/- एकमुश्त मानदेय के रूप में प्रदान किया जाए। इसके अतिरिक्त, अतिथि व्याख्याताओं ने मांग की कि उन्हें प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में 11 माह की निश्चित कार्य अवधि दी जाए, तथा नियुक्ति और कार्य विराम की तिथि में एकरूपता सुनिश्चित की जाए। वे मध्यप्रदेश अतिथि व्याख्याता नीति – 2023 के तर्ज पर सवैतनिक अवकाश की भी मांग कर रहे हैं। इसके अलावा, हरियाणा राज्य सरकार की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी महाविद्यालयों में कार्यरत अतिथि व्याख्याताओं को सेवा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई। विधायक रोहित साहू ने अतिथि व्याख्याताओं को आश्वासन दिया कि वे इस विषय पर सकारात्मक कार्यवाही करेंगे और उनके समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *