विधायक अनुज शर्मा ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट जारी की है। विकास की नई मिसाल – सेवा के 2 साल.. के नाम से उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में अपने कामों का ब्यौरा दिया। क्षेत्र के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी विधायक ने अपने कार्यकाल की रिपोर्ट प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता के सामने रखी है। शर्मा ने बताया कि पिछले दो वर्षों में धरसींवा विधान सभा की धरती पर लगभग 400 करोड़ के विकास कार्य मूर्तरूप ले चुके हैं, जिनमें वित्तीय वर्ष 2024-25 में ही 240 करोड़ से अधिक का निवेश हुआ है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष के 156 करोड़ की तुलना में लगभग 80 करोड़ ज्यादा है। आधारभूत संरचना की मजबूती पर प्राथमिकता से ध्यान दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 62 करोड़ 17 लाख खर्च कर क्षेत्र में लगभग 65 किलोमीटर सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन किया गया है। सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि सांकरा-धनेली अंडरपास परियोजना की स्वीकृति रही, जिसे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर प्राप्त किया गया। इसी तरह जल संसाधन विभाग में 23 करोड़ 74 लाख का निवेश किया गया, जिसके परिणामस्वरूप सिंचाई क्षमता में 250 हेक्टेयर की अतिरिक्त बढ़त दर्ज हुई है। स्टॉप डैम, नहरों के पुनरुद्धार और पेयजल की ठोस व्यवस्था की गई है। शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार के लिए हुए काम विधायक के अनुसार उनके कार्यकाल में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार देखने को मिला है। शिक्षा विभाग में 2 करोड़ 24 लाख खर्च कर नए स्कूल भवन, अतिरिक्त कक्ष, अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएँ और स्मार्ट सुविधाएँ स्थापित की गई हैं। धरसींवा अस्पताल को 50 अत्याधुनिक बिस्तरों के साथ उन्नत किया गया है। साथ ही माँढर में विशाल स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया है। प्रेस कांफ्रेंस में बताया गया कि शोक के अवसरों पर उत्सवों का आयोजन स्थगित कर विधायक ने संवेदनशीलता और मानवता का परिचय दिया है। अपराध और गुंडागर्दी पर पूरी तरह नकेल कसी और अपराधियों के जुलूस निकालकर यह संदेश दिया कि धरसींवा में अव्यवस्था की कोई जगह नहीं है।


