अनूपपुर में कार-बाइक टक्कर, एक की मौत:पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर कार जब्त की

अनूपपुर में रविवार को एक कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया और वाहन जब्त कर लिया है। यह घटना अनूपपुर-राजेंद्रग्राम मार्ग पर ग्राम बैरीबांध के पास हुई। मृतक की पहचान दुलहारा अनूपपुर निवासी 29 वर्षीय मनेश्वर पटेल के रूप में हुई है। यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई थी, जिसमें मानेश्वर पटेल की जान चली गई। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान पता चला कि कार चालक घटनास्थल पर ही लोगों की भीड़ में शामिल था। पुलिस की पूछताछ शुरू होते ही उसने अपनी कार दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी कार चालक रानू प्रसाद पनिका (26), पिता नत्थू प्रसाद पनिका, निवासी पटौराटोला अनूपपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसकी कार क्रमांक MP65C5208 को भी जब्त कर थाने भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस चालक से कार से संबंधित अन्य जानकारी भी जुटा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *