आगर मालवा में ई-अटेंडेंस के विरोध में शिक्षकों का धरना:वेतन रोकने पर नाराजगी, ई-अटेंडेंस बंद करने की मांग

आगर-मालवा में राज्य अध्यापक संघ ने रविवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर ई-अटेंडेंस व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए ई-अटेंडेंस प्रणाली को बंद करने और रोके गए वेतन के भुगतान की मांग की। संघ के जिला अध्यक्ष भारत जाटव ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी ने उन शिक्षकों का वेतन भुगतान रोक दिया है, जिन्होंने ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं की है। उन्होंने कहा कि लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है कि ई-अटेंडेंस न लगाने पर शिक्षकों का वेतन रोका जाए। जाटव ने ई-अटेंडेंस प्रणाली में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की गंभीर समस्या है, जिसके कारण शिक्षक समय पर अटेंडेंस दर्ज नहीं कर पाते। इसके अतिरिक्त, शिक्षकों को निर्वाचन, जनगणना और अन्य शासकीय कार्यों में भी लगाया जाता है, ऐसे में ई-अटेंडेंस लगाना संभव नहीं हो पाता। तुरंत जारी करें वेतन संघ ने मांग की है कि जिन शिक्षकों का वेतन रोका गया है, उसे तत्काल जारी किया जाए। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ और वेतन भुगतान बहाल नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *