अनूपपुर जिला मुख्यालय के समातपुर तालाब के पास करंट लगने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना शनिवार को तब हुई जब युवक इंटरनेट केबल सुधार रहा था। युवक खंभे पर चढ़कर इंटरनेट केबल ठीक कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत जिला चिकित्सालय अनूपपुर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संतोष सेन (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बृजलाल सेन के पुत्र और अमलाई, जिला शहडोल का निवासी था। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


