अनूपपुर जिले में हाथी 14वें दिन निरंतर विचरण कर रहे हैं। सोमवार को हाथियों ने छुलहाटोला में दो ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ की। घर के अंदर रखे और खेतों में लगी फसल को अपना आहार बनाया। हाथी अनूपपुर वन परिक्षेत्र के औढेरा बीट के जंगल में फिर से वापस पहुंचकर विचरण कर रहे हैं। हाथियों के विचरण पर निरंतर नजर बनाए रखते हुए वन विभाग का गश्ती दल और संबंधित ग्राम पंचायत की जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों के साथ हाथियों पर निगरानी बनाए हुए हैं। हाथियों से दूर रहने, जंगल के किनारे या गांव के बाहर घर बनाकर रह रहे ग्रामीणों को अंधेरा होते ही पक्के मकान की छतों पर या बीच बस्ती में आकर ठहरने की मुनादी करा रहे है। विचरण क्षेत्र में हाथियों की सुरक्षा को देखते हुए बिजली लाइन बंद रखी जा रही है, जिससे कई ग्रामीण परेशान रहते हैं। डीएफओ विपिन पटेल ने कहा कि वन विभाग हाथियों पर निगरानी बनाए हुए हैं। अभी तक कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। हम लगातार लोगों को हाथियों से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं।


