अनूपपुर । थाना कारनपठार अंतर्गत सरई चौकी अंतर्गत युवक की पीट- पीटकर हत्या करने के पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सरोज बाई गोंड़ 40 वर्ष पति कुंवर सिंह निवासी ग्राम पड़मनिया ने गंभीर मारपीट के बाद अपने भाई की मौत हो जाने की शिकायत 3 जनवरी को की थी। शिकायत में उसने बताया कि उसका अविवाहित भाई अशोक सिंह खेती-बाड़ी तथा व्यापार में उसकी मदद करता था। गांव के नाथू सिंह पिता मेर सिंह, संजय सिंह पिता घनश्याम सिंह, कालू पिता मनी सिंह, डीलन पिता मनी सिंह, रमेश पिता उदय सिंह भाई अशोक सिंह से रंजिश रखते थे। 1 जनवरी को पड़मनिया बाजार में पति कुंवर सिंह, मैं तथा मेरा लड़का बाबू सिंह चाट फुल्की का ठेला लगाए हुए थे। शाम 4-5 बजे भाई अशोक मेरी दुकान में आ रहा था, तभी पशु अस्पताल के पास पुरानी रजिश को लेकर नाथू सिंह तथा संजय सिंह लाठी से मारपीट करने लगे। कुछ देर बाद कालू सिंह, डीलन सिंह, रमेश सिंह निवासी पड़मनिया भी हाथ में लाठी लेकर दौड़ते आये तथा तीनों लोग मिलकर मारपीट करने लगे। भाई अपनी जान बचाकर मेरे पति की दुकान की तरफ भागा। जिसे बचाकर मैं अपने साथ घर ले आई। मारपीट में घायल होने की वजह से वह उठ बैठ नहीं पा रहा था, उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। मेरे द्वारा सरपंच को पूरा मामला बताकर पति कुंवर सिंह के साथ जिला अस्पताल शहडोल में उपचार के लिए भर्ती किया। इलाज के दौरान 3 जनवरी को उसकी मौत हो गई। गांव का मामला होने के कारण मेरे द्वारा पूर्व में शिकायत नहीं की गई थी। महिला की शिकायत पर धारा 103 (1), 3 (5) बीएनएस का अपराध पाये जाने पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।


