अपनाघर शालीमार में डॉग पकड़ने को लेकर हंगामा;VIDEO:डॉग लवर्स और सोसाइटी के लोगों में झड़प;सोसाइटी के लोग डंडे लेकर पहुंचे

अलवर शहर की अपनाघर शालीमार आवासीय सोसाइटी में गुरुवार शाम नगर निगम की डॉग पकड़ने वाली टीम के पहुंचते ही जमकर हंगामा हो गया। इस दौरान सोसाइटी के लोग आपस में ही उलझते नजर आए। एक तरफ कुछ लोग निगम की टीम के साथ मिलकर आवारा कुत्तों को पकड़वाते दिखे, वहीं दूसरी ओर डॉग लवर्स उन्हीं कुत्तों को निगम टीम से छुड़वाने की कोशिश करते नजर आए। देखे PHOTOS… हालात इतने बिगड़ गए कि सोसाइटी में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ लोग हाथों में डंडे लेकर आ गए। मौके पर मौजूद एक युवती, जो कुत्तों को ले जाने का विरोध कर रही थी, उसके साथ जमकर कहासुनी हुई। आरोप है कि एक व्यक्ति डंडा लेकर उसकी ओर बढ़ा और धक्का लगने से युवती नीचे गिर गई, जिसके बाद कुत्ते को जबरन निगम की गाड़ी में चढ़ा दिया गया। इसी दौरान कई डॉग लवर्स ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि सोसाइटी की कुछ महिलाओं ने उनके मोबाइल छीन लिए और वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करवा दी। इस दौरान सोसाइटी परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा। सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। आए दिन कुत्ते बुजुर्गों और बच्चों के पीछे काटने को दौड़ते हैं, जिसके चलते लोगों ने पार्क में जाना तक बंद कर दिया है। बच्चों को अकेले फ्लैट से नीचे उतारने में भी डर लग रहा है। दरअसल, गुरुवार दोपहर को ही सोसाइटी के लोगों ने नगर निगम, कलेक्ट्रेट और पुलिस को ज्ञापन सौंपा था। सोसाइटी निवासी संतोष ने बताया था कि निगम की टीम जब भी कुत्ते पकड़ने आती है, तो डॉग लवर्स उन्हें धमकाते हैं और मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है।ज्ञापन के बाद गुरुवार शाम को निगम की टीम शालीमार सोसाइटी पहुंची, जहां यह पूरा विवाद सामने आया और हंगामे का वीडियो भी सामने आया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *