अपराध नियंत्रण के लिए पुलिसिंग का अंदाज बदला:ड्रोन से शहर की हर हलचल पर नजर, तकनीक बनी हथियार; सीओ सिटी की पहल

धौलपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण और आमजन को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से ड्रोन तकनीक का उपयोग शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक विकास सागवान के निर्देश पर सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़ के नेतृत्व में शहर की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अवैध खनन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से ड्रोन उड़ाकर शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, जाम प्रभावित क्षेत्रों और अवैध खनन संभावित क्षेत्रों की विस्तृत वीडियोग्राफी की गई। ड्रोन से मिली लाइव जानकारी के आधार पर फील्ड में तैनात पुलिस बल को तत्काल दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे व्यवस्थाएं अधिक चुस्त-दुरुस्त हुईं। सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़ ने बताया कि अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। ड्रोन के माध्यम से निगरानी बढ़ने से संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी। इससे अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा और असामाजिक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई संभव हो पाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ड्रोन तकनीक यातायात व्यवस्था सुधारने में भी कारगर साबित होगी। जाम की स्थिति पर तुरंत नियंत्रण, यातायात को सुचारु बनाए रखने और आमजन को राहत देने के लिए यह व्यवस्था लगातार जारी रहेगी। इसके साथ ही, अवैध खनन जैसे गंभीर मामलों पर भी ड्रोन के जरिए ठोस निगरानी रखी जा रही है। सीओ सिटी के सख्त रवैये और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से शहर में पुलिसिंग का एक नया मॉडल सामने आ रहा है। इस पहल से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो रही है और पुलिस की सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। धौलपुर पुलिस द्वारा उठाया गया यह कदम स्मार्ट और सख्त पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *