उदयपुर की डबोक थाना पुलिस ने अपहरण और मारपीट के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे घटना में उपयोग ली कार और लट्ठ बरामद किए है। थानाधिकारी हुकुम सिंह ने बताया कि आरोपी रूपेंद्रसिंह पिता निर्भय सिंह, निर्भय सिंह पिता भवनरसिंह, मनोहर पिता भवरसिंह, विक्रमसिंह पिता मनोहर सिंह को गिरफ्तार किया है। इनसे मामले में पूछताछ करते हुए जांच जारी है। घर से उठकर कार में ले गए, मारपीट की
थानाधिकारी ने बताया कि प्रार्थी धर्मनारायण पिता जैतराम निवासी डबोक ने थाने में रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि 29 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे निर्भय सिंह, रूपेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह और गुलाब कुंवर सहित 10 से 12 लोग हथियार लेकर आए। उन्होंने प्रार्थी धर्मनारायण को उसके घर बाहर बुलाया। जैसे ही बुलाने पर बाहर आया तो सभी उस पर टूट पड़े और लट्ठ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी उसका अपहरण कर कार में बैठकर सुनसान जगह मीठानीम ले गए। जहां भी उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। थानाधिकारी ने बताया कि मामले में टीम गठित करते हुए आरोपियों की तलाश करते हुए गिरफ्तार किया। इससे पहले मामले में 4 जनवरी को 2 आरोपी पकड़े जा चुके है। आगे जांच जारी है।


