रांची यूनिवर्सिटी में पहली बार 156 स्नातक पास आउट युवाओं का अप्रेंटिस के पद पर नियुक्ति के लिए चयन किया गया था। लेकिन चयनितों में सिर्फ 50 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने निर्धारित तिथि तक योगदान दिया है। विवि से मिली जानकारी के अनुसार 156 चयनित स्नातकों में से सिर्फ 79 अभ्यर्थियों ने योगदान दिया। वहीं 77 पद खाली है। अप्रेंटिस के रिक्त पदों को भरने के लिए मेरिट और सरकार की आरक्षण पॉलिसी के अनुसार लिस्ट तैयार की जाएगी। बताते चलें कि नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम (एनएटीएस) के तहत युवाओं को यह जॉब दी जा रही है। अप्रेंटिस पद पर कार्य कर रहे युवाओं को हर माह 12 हजार रुपए स्टाइपेंड में दिए जाएंगे। साढ़े सात हजार रुपए राज्य सरकार की तरफ से और साढ़े चार हजार रुपए बीओपीटी शेयर के तहत प्रति माह दिए जाएंगे। बताते चलें कि अप्रेंटिस पद पर नियुक्त युवाओं को प्रशिक्षण के बाद संबंधित संस्थान द्वारा सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य स्नातक पास युवाओं को स्किल्ड करना है। प्रशिक्षण के बाद विभिन्न कंपनियों में प्लेसमेंट में मदद मिलेगी। डीएसपीएमयू में 20 का कर लिया गया है चयन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी (डीएसपीएमयू) में ऑप्रेंटिस के 20 पदों पर नियुक्ति के लिए इंटरव्यू का आयोजन किया जा चुका है। शीघ्र ही मेरिट लिस्ट और आरक्षण नीति के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन कर योगदान के लिए आमंत्रित किया जाएगा। एडमिनिस्ट्रेशन, अकाउंट, फिजिक्स, केमेस्ट्री, सेक्शन ऑफिसर, बॉटनी, जूलॉजी, और लाइब्रेरी में नियुक्त किया जाना है।


