भास्कर न्यूज | अमृतसर कैबिनेट मंत्री रवजोत सिंह ने गुरुनगरी में साफ-सफाई को लेकर लापरवाही बरतने के मामले में निगम कमिश्नर को शोकॉज नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब-तलब किया था। इसके बाद मंगलवार को निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने टीम संग फील्ड में उतरकर सफाई अभियान चलाया। निगम कमिश्नर हेरिटेज स्ट्रीट पहुंचे और निगम के विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कामों की समीक्षा की। एस्टेट विभाग को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पाक-भारत तनाव के कारण सफाई अभियान थोड़ा धीमा हो गया था, जिसे अब दोबारा से शुरू कर दिया गया है। संबंधित अफसरों को कहा कि यह अभियान लगातार चलता रहना चाहिए। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर पार्षद जरनैल सिंह ढोट, कार्यकारी इंजीनियर एसपी सिंह, हेल्थ अफसर डॉ. किरन कुमार, योगेश अरोड़ा, ओएंडएम सेल के एसडीओ गुरप्रीत सिंह व अन्य मौजूद रहे।


