भास्कर न्यूज | नारायणपुर अबूझमाड़ क्षेत्र में विकास की नई किरणें फूट रही हैं। नारायणपुर विधायक और छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के निरंतर प्रयासों से अबूझमाड़ के लगभग 4000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के दूर-दराज के गांवों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं। इससे स्थानीय जनजीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और क्षेत्र की प्रगति को नयी गति मिल रही है। केदार कश्यप ने बताया कि अबूझमाड़ क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। यहां के कच्चापाल, हांदावाडा, फरसबेड़ा सहित कई जलप्रपात, झरने और नदियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। वर्तमान में सोशल मीडिया पर इन जगहों के वीडियो और फोटो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जो पर्यटन विकास के लिए सकारात्मक संकेत हैं। उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य है कि अबूझमाड़ को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए, जिससे न केवल यहां के प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होगा बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। साथ ही, केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विष्णु देव साय के सुशासन में इस क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। केदार कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ के दूरस्थ इलाकों में सरकार की योजनाएं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, स्वच्छता आदि प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं। क्षेत्रवासियों को इसका पूरा लाभ मिल रहा है, जिससे उनकी जीवनशैली बेहतर हो रही है। इस क्षेत्र में मौजूद गारपा गांव का वह प्रसिद्ध जल स्रोत, जो शिव मंदिर के पास स्थित है, लगातार 365 दिन 24 घंटे निर्बाध बहता रहता है और यह स्थानीय लोगों के लिए आस्था और जीवनदायिनी साबित हो रही है।


