फाजिल्का जिले के अबोहर के मक्कड़ कालोनी के निवासियों ने बिजली बोर्ड कार्यालय में एसडीओ कार्यालय के सामने धरना दिया। महिलाओं और बच्चों सहित कॉलोनी के लोग पिछले डेढ़-दो साल से बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय रमा ने बताया कि एरिया में सिंगल फेज कनेक्शन होने से कम वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। इससे घरेलू उपकरण खराब हो जाते हैं। बुजुर्गों और बच्चों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई घरों में जल चुके उपकरण कृष्णा रानी के अनुसार दोपहर में जब बच्चे स्कूल से लौटते हैं, तब बिजली नहीं रहती। शाम को भी कम वोल्टेज के कारण पंखे, फ्रिज और कूलर सही से नहीं चलते। कई घरों में उपकरण जल चुके हैं। सन्नी कुमार और संजीव कुमार ने बताया कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के जेई और अन्य अधिकारियों को लिखित शिकायत दी। आम आदमी पार्टी के हल्का इंचार्ज अरुण नारंग से भी मिले, जिन्होंने समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कॉलोनी का ट्रांसफॉर्मर पास प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, धरना जारी रहेगा। बिजली बोर्ड के अधिकारी से बात करने पर उन्होंनें बताया कि मक्कड़ कालोनी के लोगों की इस समस्या से वे वाकिफ है और इस बारे में विभाग को सूचित किया जा चुका है और इनका ट्रांसफॉर्मर भी पास हो चुका और सभी कागजी कार्रवाई भी पूरी है, लेकिन बिजली बोर्ड के बडे़ स्टोर में गत दिनों आगजनी होने से वहां से बिजली उपकरण इशू नहीं हो रहे। आगामी दो तीन दिनों में नया ट्रांसफॉर्मर आते ही इनकी समस्या हल कर दी जाएगी। इस मौके पर कालोनी के लोगो में संदीप कुमार, किरन, सोनू, मोंटी, श्याम सिंह, रवि कुमार, वीरेन्द्र कुमार, कमलेश, कृष्णा मीनू, सिमरन भीष्म कुमार, सन्नी व सिमरन सिंह मौजूद थे।


