अबोहर पुलिस ने कैंटर ड्राइवर को किया गिरफ्तार:केलों के बीच छिपा रखा था 51 किलो पोस्त, रिमांड पर लेगी टीम

फाजिल्का जिले के अबोहर के थाना बहाव वाला की पुलिस ने इंटर स्टेट नाके पर एक बड़ी कार्रवाई में केलों से भरे कैंटर से 51 किलो 406 ग्राम पोस्त बरामद की है। पुलिस ने कैंटर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार ड्राइवर की पहचान हरबंस सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र निधान सिंह के रूप में हुई है। वह मानसा जिले के बरेटा का रहने वाला है। पुलिस ने कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया है और ड्राइवर के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 15सी, 61, 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना कल देर शाम की है। इंटरस्टेट नाके पर मौजूद थी टीम जानकारी के अनुसार सहायक थानेदार गुरमीत सिंह पुलिस टीम के साथ गांव राजपुरा के इंटरस्टेट नाके पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने सादुलशहर की ओर से आ रहे एक कैंटर को शक के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर केलों के ढेर के नीचे छिपाकर रखा पोस्त बरामद हुआ। थाना प्रभारी दविन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। राजस्थान से लेकर आया था ड्राइवर पूछताछ के दौरान पता लगाया जाएगा कि वह इतनी बड़ी मात्रा में पोस्त कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई करने वाला था। राजस्थान की ओर से पोस्त लाकर आगे सप्लाई करने की इस कड़ी को तोड़ने के लिए पुलिस गहन जांच कर रही है। मामलों में अक्सर अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह सक्रिय रहते हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस सतर्क है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *