फरीदकोट में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी:सिविल अस्पताल के कर्मचारी की मौत, ड्यूटी पर जा रहा था

फरीदकोट में गुरुवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव रोमाणा अलबेल सिंह निवासी गुरनैब सिंह के रूप में हुई है, जोकि कोटकपूरा के सिविल अस्पताल में एम्बुलेंस ड्राइवर था और हादसे के समय बाइक पर घर से ड्यूटी पर जा रहा था। हादसा कोटकपूरा-जैतो रोड पर हुआ। सूचना मिलने के बाद थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया, वहीं दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। व्यक्ति उछलकर खेतों में जा गिरा
जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल कोटकपूरा की एम्बुलेंस का ड्राइवर गुरनैब सिंह रोजाना की तरह आज सुबह भी बाइक पर अपने गांव से ड्यूटी पर आ रहा था। जब वह जैतो रोड पर गांव नानकसर के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उसके बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह उछलकर खेतों में जा गिरा। जबकि कार भी बेकाबू होकर खेतों में जा गिरी। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। इस मामले पर ग्रामीण गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गुरनैब सिंह रोज की तरह बाइक से ड्यूटी पर आ रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस सड़क पर हो रहे हादसों पर चिंता भी जताई। परिवार के बयान पर कार्रवाई करेगी पुलिस-जांच अधिकारी
इस मामले में थाना सिटी कोटकपूरा के एएसआई और जांच अधिकारी भूपिंदरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *