अबोहर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना नंबर 1 की पुलिस ने 10 युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की 12 बाइक और 20 फोन बरामद किए हैं। पुलिस इन सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि एसएसपी वरिंद्र सिंह बराड़ के निर्देश पर असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कर्मचारी देवेंद्र सिंह और भूपेंद्र सिंह की टीम ने नाकाबंदी के दौरान दविंद्र सिंह, साहिब सिंह, प्रगट सिंह, सुभाष, निशान सिंह और गोपी को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर शहर के विभिन्न इलाकों से चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने विजय कुमार, कुलदीप सिंह, योगेश और अजय को भी गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जिन लोगों की बाइक या मोबाइल चोरी हुए हैं, वे थाना नंबर 1 में आकर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दिनों हुई अधिकतर चोरी और लूटपाट की वारदातों को सुलझा लिया गया है।


