मानसा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गाड़ी चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन लग्जरी कारें बरामद की हैं। इस गिरोह के खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। डीएसपी बूटा सिंह गिल के अनुसार, मामला तब सामने आया जब मानसा के वाटर वर्क्स रोड से एक स्कॉर्पियो चोरी हो गई। गाड़ी के मालिक अमनदीप सिंह की शिकायत पर थाना सिटी वन की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने हरियाणा के जींद से स्कॉर्पियो को बरामद किया। इसके साथ ही मोहाली नंबर की एक क्रेटा और एक वरना कार भी बरामद की गई। महिला पुलिस इंस्पेक्टर बेअंत कौर ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में पता चला कि यह गिरोह पंजाब के कई जिलों में सक्रिय था। पुलिस ने इस मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।


