फाजिल्का में अबोहर के अजीमगढ़ में छेड़खानी की घटना ने हिंसक रूप ले लिया। घटना आज (मंगलवार) सुबह की है, जब खेतों में एक लड़की हाथ धो रही थी। पास की कॉलोनी का एक फर्नीचर कारोबारी युवक वहां आया और लड़की के फोटो खींचने लगा। लड़की के भाई गौरव ने जब इसका विरोध किया तो युवक से उसकी हाथापाई हो गई। इस पर आरोपी युवक करन का फूफा मौके पर आया और उसे समझाकर ले गया। लेकिन दोपहर को करन दर्जनभर साथियों के साथ तेजधार हथियार लेकर वापस आया। आरोपी युवक भी अस्पताल में भर्ती आरोपियों ने गौरव पर कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। जब गौरव के पिता शोभाराम ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो उन्हें भी नहीं बख्शा गया। घायल पिता-पुत्र को परिजन अस्पताल ले गए। इस बीच, दूसरे पक्ष का युवक करन भी मामूली चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती हुआ है। गौरव के परिवार का आरोप है कि करन ने फर्जी तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया है। सिटी थाना-2 की प्रभारी से इस मामले में संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन वे उपलब्ध नहीं हुईं।


