फाजिल्का के अबोहर में नशा तस्करी का विरोध करने वाली एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पांचपीर नगर की 45 वर्षीय वीरपाल कौर ने कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने नशेड़ी युवकों के घर के बाहर खड़े होने का विरोध किया तो युवकों समेत परिवार से मारपीट शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार वीरपाल कौर अपनी बेटी के साथ रहती हैं और घरों में काम करके अपना गुजारा करती हैं। उनका आरोप है कि उनके घर के सामने रहने वाले युवक हेरोइन बेचते हैं। इस कारण नशेड़ी लड़के अक्सर उनके घर के सामने खड़े रहते हैं। महिला ने इस बारे में कई बार युवकों और उनके परिवार को शिकायत की थी। राजीनामा करने के बहाने महिला को बुलाया आरोप है कि इसी रंजिश के चलते युवकों ने राजीनामा करने के बहाने महिला को बुलाया। फिर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान युवकों के परिवार की महिलाएं भी वहां आ गईं। सभी ने मिलकर पीड़िता की पिटाई की और उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने नशा तस्करों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अबोहर पुलिस इन लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं करती, जिन्होंने नशे के कारोबार से अवैध संपत्ति बना रखी है। पुलिस का बयान सिटी वन पुलिस का कहना है कि अभी तक उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस फोर्स सीडफार्म में कब्जा हटाने के मामले में व्यस्त है। अस्पताल से मारपीट की रिपोर्ट मिलते ही महिला के बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।


