अबोहर में एक तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मारी दी, जिससे एक भाई की मौत हो गई। जबकि दो अन्य भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रामसरा के पास देर रात हुआ। रामसरा गांव निवासी अंकित कुमार, विशु और राजन तीनों भाई शहर में विभिन्न दुकानों पर काम करते हैं। शनिवार शाम को तीनों भाई बाइक पर अपने गांव लौट रहे थे। सेमनाले के निकट एक गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने 112 हेल्पलाइन और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। राहत कर्मियों के देर से पहुंचने पर लोगों ने खुद घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। विशु और राजन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। अंकित का कुछ दिन पहले ही रोका हुआ था। सूचना मिलने पर उसके ससुराल वाले भी अस्पताल पहुंचे। अंकित ने हादसे वाले दिन शाम को ही अपने मालिक से तनख्वाह ली थी, जो मोर्चरी में उसकी जेब से मिली और परिजनों को सौंप दी गई।


