अबोहर में दो हफ्ते पहले बिश्रपुरा गांव में हुई भारत रत्न की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी यतिन गोदारा, उसके ड्राइवर सुधीर और एक अन्य साथी सुनील को गिरफ्तार किया है। थाना बहाववाला पुलिस ने आज तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने पांच दिन के रिमांड की समाप्ति के बाद पांच दिन का अतिरिक्त रिमांड मांगा है। थाना प्रभारी दविंद्र पाल के अनुसार, पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत के बाद आरोपियों को पकड़ने में सफलता पाई है। हत्या में प्रयोग किए गए हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। यतिन की मां सहित कुछ अन्य नामजद आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जांच में सामने आया है कि यतिन गोदारा ने मृतक भारत रत्न के भाई के साथ पुरानी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब पांच दिन के अतिरिक्त रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी।


