अबोहर में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत:बिना पुलिस को सूचना अंतिम संस्कार, हिरासत में पति बोला- फंदे पर लटका मिला शव

अबोहर शहर के चंडीगढ़ मोहल्ला में शुक्रवार को एक 35 वर्षीय महिला द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका दो बच्चों की मां थी। मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब महिला के पति और उसके साथियों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना मिलने पर 112 हेल्पलाइन और सिटी-2 थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। बताया गया कि पति एक मिठाई की दुकान में काम करता था। यूपी का रहने वाला यह परिवार यहां किराए के मकान में रहता था। पशुओं को चारा डालने गए मकान मालिक को मिली जानकारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली प्रिया अपने पति सोनू और दो बच्चों के साथ पिछले कई वर्षों से चंडीगढ़ मोहल्ला में किराए के मकान में रह रही थी। मकान मालिक जसवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब वे अपने पशुओं को चारा डालने गए, तब उन्हें महिला की आत्महत्या के बारे में पता चला। उन्हें यह भी जानकारी मिली कि पति और उसके परिचितों ने आनन-फानन में शिवपुरी श्मशान घाट ले जाकर महिला का अंतिम संस्कार कर भी दिया है। एक दिन पहले हुआ था विवाद, मायके से हाल ही में लौटी थी महिला सूत्रों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले महिला नाराज होकर अपने मायके उत्तर प्रदेश चली गई थी और कुछ ही दिन पहले अबोहर लौटी थी। पूछताछ के दौरान पति सोनू (जो शहर की एक मिठाई दुकान में काम करता है) ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी अक्सर फोन पर बात करती थी और महीने भर पहले बिना बताए मायके चली गई थी। सोनू का दावा है कि गुरुवार को उसकी पत्नी ने मायके में आरोप लगाया था कि वह उसके साथ मारपीट करता है, जिसके बाद ससुराल वालों का फोन भी आया था। पति का दावा- ‘सुबह 8 बजे घर लौटा तो लटकी मिली पत्नी’ पति सोनू के अनुसार, शुक्रवार सुबह वह दोनों बच्चों को सामान दिलाने कंधवाला रोड गया था। सुबह करीब 8 बजे जब वह वापस आया तो पत्नी को फंदे से लटका पाया। उसने पुलिस के सामने दलील दी कि शहर में उसका कोई नजदीकी रिश्तेदार नहीं था, इसलिए उसने दोस्तों की मदद से शव को नीचे उतारा और अंतिम संस्कार कर दिया। उसने यह भी कहा कि इस बारे में मृतका के मायके वालों को सूचना दे दी गई थी। बिना पुलिस को सूचना के किए अंतिम संस्कार सिटी-2 थाना पुलिस ने पति सोनू को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बिना किसी कानूनी प्रक्रिया, पोस्टमार्टम या पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार करने के पहलू को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच के बाद आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *