पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फाजिल्का जिले के अबोहर के गोबिंदगढ़ इलाके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 337.70 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। काउंटर इंटेलिजेंस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मोहाली की टीम ने यह कार्रवाई की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामसरा के रामदयाल पुत्र राजू राम और भूप राम पुत्र पूर्ण राम के रूप में हुई है। डीजीपी के निर्देश पर चलाया अभियान पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा की एआईजी अवनीत कौर और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के एआईजी जतिंद्र सिंह मंड के आदेश पर टीम ने कार्रवाई की। उप कप्तान गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी दोनों आरोपियों को मोहाली ले जाया गया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी, 61, 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है कि हेरोइन की यह खेप कहां से लाई गई थी।कार्रवाई में एएसआई कुलबीर सिंह, तरसेम सिंह, एचसी मनदीप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।


