मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत आज (गुरुवार को) अबोहर के वार्ड नंबर एक से श्री हरमंदिर साहिब के लिए एक बस को रवाना किया गया। आम आदमी पार्टी (AAP) के हलका इंचार्ज अरुण नारंग और उनकी टीम ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित है। इस अवसर पर एसडीएम कृष्ण पाल राजपूत और अबोहर को-ऑर्डिनेटर रणधीर गाबा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। AAP नेता अरुण नारंग ने बताया कि यह मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा का दूसरा चरण है। इसके तहत ए-1 वॉल्वो बसों को धार्मिक स्थानों के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों से इसी प्रकार की बसें धार्मिक स्थलों के लिए रवाना की जाएंगी। इस योजना के तहत 50 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को धार्मिक स्थानों के निशुल्क दर्शन कराए जाएंगे। यात्रियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था फ्री यात्रियों को निशुल्क ले जाने के साथ-साथ उनके खाने-पीने और ठहरने की व्यवस्था भी मुफ्त होगी। इसके अलावा सभी बुजुर्गों की देखभाल के लिए एक स्वयंसेवक भी उनके साथ यात्रा करेगा। मौके पर मौजूद रणधीर गाबा ने जानकारी दी कि इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को श्री हरमंदिर साहिब के अलावा जलियांवाला बाग, वाघा बॉर्डर, दुर्गियाना मंदिर और भगवान वाल्मीकि स्थान पर भी ले जाया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस कदम को लेकर बुजुर्गों में काफी उत्साह और खुशी देखी जा रही है।


