भास्कर न्यूज | बालोद निजी उपयोग के लिए सागौन पेड़ की अवैध कटाई के मामले में डीएफओ को ज्ञापन सौंपकर पर्यावरण प्रेमियों ने दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग किया है। पर्यावरण प्रेमी व जल प्रहरी भोज साहू, ग्रीन कमांडो वीरेंद्र सिंह, हाथी मित्र वैभव जगने, प्रेम शंकर चौबे ने बताया कि जिले में वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी बिना अनुमति के सागौन पेड़ों को कटवाकर निजी फर्नीचर मार्ट में पहुंचाने के लिए सरकारी गाड़ी का दुरुपयोग परिवहन के लिए किया। निजी उपयोग के फर्नीचर, ड्रेसिंग, टेबल बनवाने की बात सामने आ रही हैं। वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए फर्नीचर मार्ट में रखें सागौन के लकड़ी को जब्त किया है। इस प्रकरण में वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी का नाम सामने आने के बाद अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई है। अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुआ है। जिससे पर्यावरण प्रेमी आहत हैं। एक ओर हम एक एक पेड़, पौधे को बचाने के लिए लगातार जन जागरूकता अभियान चलाते आ रहें हैं। वहीं दूसरी ओर विभाग के अधिकारी कर्मचारियों पर अवैध कटाई का आरोप लग रहा है। जिसे रखवाली करने की जिम्मेदारी मिली है, वही हरे जंगल को काटकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। जिसका दुष्प्रभाव वातावरण व वन में रहने वाले वन्य प्राणियों पर पड़ रहा है।


