चंडी घोंघरा जलप्रपात तक सड़क निर्माण शुरू

खड़गवां/बैकुंठपुर | खड़गवां ब्लॉक मुख्यालय से लगभग एक किमी दूर स्थित प्रसिद्ध चंडी घोंघरा जलप्रपात तक अब पहुंचना आसान होगा। क्षेत्रीय बीडीसी सदस्य युगांतर श्रीवास्तव की पहल और ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर जलप्रपात तक आवागमन के लिए कच्ची सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। भूमिपूजन के साथ जनपद सदस्य निधि से स्वीकृत इस सड़क का कार्य शुरू हो चुका है, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। चंडी घोंघरा जलप्रपात प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक महत्व से भरपूर स्थल है। वर्षों से यह आसपास के गांवों के लोगों के लिए पिकनिक और धार्मिक स्थल के रूप में जाना जाता रहा है। सड़क सुविधा न होने के कारण दूरदराज से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रही है। बारिश के मौसम में रास्ता खराब हो जाता था, जिससे बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे काफी परेशान होते थे। कच्ची सड़क बनने के बाद स्थानीय लोग और बाहरी सैलानी आसानी से जलप्रपात तक पहुंच सकेंगे। बीडीसी युगांतर ने बताया कि आने वाले समय में मुख्य मार्ग पर दिशा सूचक बोर्ड और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास भी किया जाएगा। मशीन के सहारे सड़क निर्माण शुरू किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *