चित्तौड़गढ़ | अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से देश के कोने-कोने में बालिकाओं को प्रोत्साहित करने, उन्हें स्वरोज़गार से जोड़ने एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जरूरतमंद बालिकाओं को लैपटॉप वितरित किए गए। इसके तहत जिला माहेश्वरी महिला संगठन की अनुशंसा पर एक जरूरतमंद बालिका को लैपटॉप प्रदान किया गया। जिलाध्यक्ष कृष्णा समदानी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य समिति प्रभारी कुंतल तोषनीवाल और प्रदेश संगठन मंत्री चंदा नामधर के सानिध्य में निंबाहेड़ा की बालिका श्रुति धुत को लैपटॉप प्रदान किया गया। राष्ट्रीय समिति प्रभारी कुंतल तोषनीवाल ने बताया कि संगठन का उद्देश्य समाज में बालिकाओं को शिक्षा व तकनीकी साधनों से जोड़कर स्वरोज़गार के अवसर उपलब्ध कराते हुए स्वावलंबी बनाना है। जिला सह सचिव भावना न्याती और स्नेहलता सोमानी ने श्रुति से प्रत्यक्ष संवाद किया। बताया कि श्रुति वर्तमान में बी.ए. (इकोनॉमिक्स) की छात्रा है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते हुए भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती है। वह पढ़ाई के साथ-साथ अपने परिवार की आर्थिक सहायता करना चाहती है। ललिता मालू, कुसुम धूत एवं जानकी तोषनीवाल भी उपस्थित रहीं।


