भाजपा ने अपना सदस्यता अभियान 31 जनवरी तक बढ़ा दिया है। बुधवार से सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे। दोनों साथ-साथ चलेगा। पार्टी ने 60 लाख सदस्य बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पूर्व में 14 जनवरी तक ही सदस्यता होनी थी। लेकिन, मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार तिथि आगे बढ़ा दी गई है। वहीं, अब तक करीब सात लाख सदस्यों का डिजिटल वेरिफिकेशन हो चुका है। करीब चार लाख लोगों के वेरिफिकेशन का काम चल रहा है। सुदूर गांवों में ऑफलाइन सदस्य भी बनाए जा रहे हैं, जिन्हें अभी टोटल में शामिल नहीं किया गया है। प्रदेश भाजपा सदस्यता प्रभारी राकेश प्रसाद ने कहा है कि सदस्यता अभियान की तिथि बढ़ा दी गई है। 31 जनवरी तक प्राथमिक और सक्रिय सदस्य बनाया जा सकता है। राकेश प्रसाद ने अभियान की धीमी गति से इनकार करते हुए कहा कि लक्ष्य को प्राप्त कर लिया जाएगा। सक्रिय सदस्य बनने के बाद बूथों के गठन की प्रक्रिया होगी शुरू सक्रिय सदस्य बनने के बाद बूथों के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। सक्रिय सदस्य ही बूथ अध्यक्ष बनेंगे। प्राथमिक सदस्यता और सक्रिय सदस्यों की सूची प्राप्त होने के बाद प्रदेश चुनाव पदाधिकारी की ओर से बूथ अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बूथों के सक्रिय सदस्य बननेवाले कार्यकर्ताओं के बीच से बूथ अध्यक्ष का चयन किया जाएगा। 28 फरवरी तक संगठन चुनाव की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश प्रदेश भाजपा ने संगठन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 28 फरवरी तक का समय तय किया है। प्रदेश भाजपा ने संगठन में युवाओं की भागीदारी तय करने को लेकर अर्हताएं तय की हैं। इसके तहत भाजपा में 45 वर्ष से अधिक का मंडल अध्यक्ष नहीं होगा। आज बाबूलाल को बनाया जाएगा पहला सक्रिय सदस्य बुधवार से सक्रिय सदस्य बनाए जाने का काम शुरू होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को सबसे पहला सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा। वैसे तो 50 सदस्य बनाने वाले सभी लोगों को सक्रिय सदस्य बनाया जाना है, पर कई ऐसे लोग हैं, जिन्होंने 250 से सदस्य बनाए हैं। ऐसे लोगों को पहले सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा। बाबूलाल के बाद प्रदेश और महानगर भाजपा के कई नेताओं को सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा। मालूम हो कि 22 दिसंबर से सदस्यता अभियान शुरू हुआ है। 25 दिसंबर को प्रदेश में विशेष सदस्यता अभियान चलाया गया था।


