जांजगीर | भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रारंभ किए गए आदि कर्मयोगी सेवा अभियान के तहत जिले में ब्लॉक स्तरीय अभिविन्यास सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय वर्ग की सामाजिक- आर्थिक स्थिति में सुधार लाना तथा जनजातीय बहुल ग्रामों में सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि जिले में भारत सरकार द्वारा कुल 21 ग्रामों का चयन किया गया है, जहां इस योजना के तहत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और आजीविका जैसे 25 विभिन्न घटकों के माध्यम से बुनियादी अधोसंरचना का निर्माण किया जाएगा। विकासखण्ड नवागढ़ एवं विकासखण्ड अकलतरा के जनपद कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। कार्यशाला में विकासखण्ड अकलतरा के चयनित 5 ग्रामों से कुल 39 तथा नवागढ़ के चयनित 2 ग्रामों से पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक, वन अधिकार समिति, मितानिन, पटवारी आदि कर्मी उपस्थित थे।


