उत्तर भारत के साथ-साथ अमरकंटक और पेंड्रा क्षेत्र भी कड़ाके की ठंड की चपेट में है। शनिवार की मध्यरात्रि को पवित्र नगरी अमरकंटक में इस मौसम की चौथी बार बर्फ जमने की घटना दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पेंड्रा और अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात के समय अमरकंटक का तापमान 4 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। ठंड के प्रकोप से जनजीवन प्रभावित हुआ है। रात को गिरी ओस की बूंदें सुबह तक बर्फ में बदल गईं। नर्मदा नदी के उद्गम स्थल के दोनों तटों पर घास-पत्तियों, घरों की छतों और तिरपालों पर सफेद बर्फ की परत जम गई। इस प्राकृतिक नजारे को देखने के लिए स्थानीय लोग, परिक्रमा वासी और दूर-दराज से आए पर्यटक सुबह पहुंचे। पहली बार यह दृश्य देखने वाले श्रद्धालु उत्साहित और आश्चर्यचकित दिखे। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में ठंड में कुछ कमी आने का अनुमान जताया है।


