छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई है। पेंड्रा का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अमरकंटक में 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लगातार गिरते तापमान और शीतलहर के कारण सुबह और रात के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। ठंड से बचने के लिए लोग अपने घरों में रहने को मजबूर हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में शीतलहर और ठंड में और वृद्धि की संभावना जताई है। नागरिकों को रात के समय बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सार्वजनिक जगहों पर अलाव की व्यवस्था आम जनता को ठंड से राहत दिलाने के लिए पेंड्रा नगर पालिका ने पहल की है। शहर के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। बस स्टैंड, मुख्य चौक-चौराहों और अन्य प्रमुख स्थानों पर नगर पालिका द्वारा अलाव लगाए जा रहे हैं। अलाव तापने के नाम पर कथित वसूली का मामला हालांकि, पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन के बाहर अलाव तापने के नाम पर कथित वसूली की शिकायतें भी सामने आई हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से इन शिकायतों पर स्थानीय प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है।


