अमृतसर की अनदेखी पर भड़के औजला, मुख्यमंत्री पर साधा निशाना

सीएम मान की ओर से मोहाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ानों की संख्या बढ़ाने की मांग किए जाने पर अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि केवल मोहाली को केंद्र में रखकर फैसले लेना अमृतसर जैसे ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले शहर के साथ अन्याय है। सांसद औजला ने कहा कि अमृतसर कोई साधारण या उभरता हुआ शहर नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर पहचाना जाने वाला धार्मिक और पर्यटन केंद्र है। सिख धर्म के सर्वोच्च तीर्थ सचखंड श्री हरमंदर साहिब के कारण हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक अमृतसर आते हैं। इसके बावजूद यहां की हवाई सेवाओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पंजाब का सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त एयरपोर्ट है। जिसका सीधा संबंध यूके, कनाडा, यूरोप, अमेरिका और खाड़ी देशों में बसे प्रवासी भारतीयों से है। धार्मिक, विरासत और सीमावर्ती व्यापार के लिहाज से भी अमृतसर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की भारी मांग है। उन्होंने कहा कि वह संसद से लेकर एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठकों तक में अमृतसर एयरपोर्ट के विस्तार, नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और घरेलू कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग लगातार उठाते रहे हैं। लंदन, कनाडा और यूरोपीय देशों के साथ-साथ नांदेड़ साहिब, गुवाहाटी और धर्मशाला जैसे धार्मिक रूट्स शुरू करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मोहाली का विकास गलत नहीं है, लेकिन अमृतसर को नजरअंदाज करना पंजाब की आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय छवि को कमजोर करने जैसा है। यदि सरकार वास्तव में पंजाब को वैश्विक स्तर पर मजबूत करना चाहती है, तो अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को प्राथमिकता देनी होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *