अमृतसर के जंडियाला-गुरु में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़:ज्वैलरी शॉप फायरिंग केस में मुख्य आरोपी घायल, हथियार बरामद

अमृतसर के जंडियाला गुरु में बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ को लेकर एससपी सोहेल मीर ने पूरे मामले की जानकारी दी है। एसएसपी ने बताया कि यह मामला 5 जनवरी का है, जब जंडियाला गुरु के वाल्मीकि चौक स्थित एक ज्वैलरी शॉप पर दिनदहाड़े फायरिंग की गई थी। दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे, जिन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे और दुकान के बाहर गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में दुकान का शीशा टूट गया, हालांकि किसी को कोई चोट नहीं आई। लेकिन बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफआईआर नंबर 7, बीएनएस की धारा 109 (हत्या के प्रयास) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कीं, जिनमें डीएसपी डिटेक्टिव, डीएसपी जंडियाला, एसएचओ जंडियाला और सीआई स्टाफ शामिल थे। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दो आरोपियों काविश और महिरवीर, दोनों निवासी तरनतारन, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने वारदात से पहले रेकी करने की बात कबूल की और घटना में इस्तेमाल की गई एक्टिवा भी बरामद कर ली गई। नाकाबंदी के दौरान मुठभेड़ पूछताछ के दौरान सामने आया कि फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी आकाश देशपाल और विशालदीप थे। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने आज जंडियाला गुरु इलाके में नाकाबंदी की। संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपी भागने लगे और गिर पड़े। इसके बाद उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में आकाश देशपाल के पैर में गोली लगी, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने मौके से .315 बोर और .32 बोर के दो पिस्तौल बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि यह वारदात पैसों के लेन-देन को लेकर कराई गई थी और इसमें विदेश में बैठे एक व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है। आकाश देशपाल के खिलाफ पहले से ही स्नैचिंग और हथियारों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *