स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और स्थानीय उद्यमियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से बारां में 10 और 11 जनवरी को स्वदेशी मेला ‘व्योमिका’ आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन कैट वुमन विंग और कैट यूथ विंग के संयुक्त देखरेख में होगा। मेला संस्था धर्मादा धर्मशाला, हॉस्पिटल रोड, बारां में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा। मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। संस्थापक सुमन गोयल ने बताया कि इस दौरान स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी, खरीदारी के अवसर और विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों को प्रोत्साहन देना है। संरक्षिका ललिता टोंगिया और अनिता सेठी ने जानकारी दी कि 10 जनवरी को दोपहर 2 बजे कैट के राष्ट्रीय महामंत्री, भारत में कैट के संस्थापक एवं चांदनी चौक (दिल्ली) के सांसद विशेष मेहमान के रूप में मेले में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर आयोजकों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सचिव चारु गुप्ता ने बताया कि सुलेखा जैन, नेहा अग्रवाल, श्वेता मित्तल, स्वाति नागर, नेहा गुप्ता और दिव्या जैन तैयारियों में सहयोग दे रही हैं। इसी दिन दोपहर 2:30 बजे ‘चिल्ड्रन स्वदेशी फैशन शो’ का आयोजन होगा, जहाँ बच्चे स्वदेशी परिधानों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। यह कार्यक्रम बच्चों में स्वदेशी सोच के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है। स्वदेशी मेला ‘व्योमिका’ का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी सोच, आत्मनिर्भर भारत और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है। आयोजकों ने शहरवासियों से मेले में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है।


