अमृतसर के साथ-साथ माझा-दोआबा में सिद्धू की अच्छी पकड़, नुकसान की भरपाई की तैयारी में जुटी कांग्रेस

डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के कांग्रेस छोड़ने के ऐलान के बाद पार्टी पंजाब में होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए अभी से तैयारी में जुट गई है। सिद्धू दंपति के कांग्रेस से जाने के बाद अमृतसर की विधानसभा सीटों के अलावा माझा और दोआबा में भी कांग्रेस को आघात हो सकता है क्योंकि नवजोत सिंह सिद्धू की वहां अच्छी पकड़ है। हालांकि सिद्धू दंपति के कांग्रेस से अलग होने के बाद जिले भर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता खुश दिखाई दे रहे हैं। वहीं अगर अमृतसर ईस्ट विस क्षेत्र की बात की जाए तो वहां अब कांग्रेस टिकट के 2 दावेदार दिनेश बस्सी और पूर्व सांसद जसबीर सिंह डिंपा दिखाई दे रहे हैं। वहीं जिला कांग्रेस शहरी के प्रधान सौरभ मदान मिट्ठू सिद्धू दंपति के कांग्रेस से विदा लिए जाने के बाद खासे खुश दिखाई दिए हालांकि उन्होंने कोई टिप्पणी करने से गुरेज किया। अमृतसर ईस्ट विधानसभा क्षेत्र में पहले डॉ. नवजोत कौर सिद्धू कांग्रेस की टिकट की प्रबल दावेदार बनी हुई थी। उनके कांग्रेस छोड़ने के ऐलान के बाद अब सीधी टक्कर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी और पूर्व सांसद जसबीर सिंह डिंपा के बीच देखने को मिलेगी। एक वरिष्ठ कांग्रेसी ने कहा कि डॉ. कौर के इस्तीफा देने के बाद अब कांग्रेस के पास ये दोनों ही विकल्प मौजूद हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि नए घटनाक्रम के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता भी एकजुट होकर काम करेंगे क्योंकि पहले कांग्रेस कई धड़ों में बंटी हुई थी। वहीं सिद्धू दंपति के कांग्रेस से किनारा करने से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए सीनियर लीडरशिप में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। जिले के नेताओं ने उन लोगों के साथ भी संपर्क किया है जो सिद्धू दंपति के खास माने जाते हैं कि उनका क्या रुख है। पार्टी सूत्रों की मानें तो सिद्धू दंपति के साथ काम करने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में से अधिकांश ने कांग्रेस के साथ ही बने रहने की बात कही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *