पिछले दिनों अमृतसर के अजनाला क्षेत्र के गाँव हरड़ कलां और लखूवाल के कुछ स्कूलों में बाढ़ से आए पानी से परिसरों में साफ और पीने योग्य पानी की कमी की समस्या सामने आई थी। स्कूलों के नीचे से निकलने वाला पानी गंदा हो चुका था, जिससे बच्चों को पीने के लिए साफ पानी नही मिल पा रहा था। इससे उनकी सेहत पर भी बुरा असर पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर स्कूल मास्टर सतनाम सिंह ने SGPC को मदद की अपील की थी। 15 घंटों के अंदर SGPC की प्रतिक्रिया जिसके बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने इस अपील पर महज 15 घंटों के अंदर प्रतिक्रिया दी। कमेटी के मैनेजर राजिंदर सिंह रूबी और उनकी टीम तुरंत स्कूल पहुँची और बच्चों के लिए स्वच्छ पीने का पानी, बिस्कुट, चिप्स और अन्य जरूरी खाने की सामग्री स्कूलों तक पहुँचाई। इस मदद के लिए स्कूल के अध्यापकों ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का दिल से धन्यवाद किया। राजिंदर सिंह रूबी ने बताया कि उन्हें जैसे ही जानकारी मिली, उसके बाद तुरंत उन्होंने टीम के साथ स्कूलों में पानी और खाने-पीने की सामग्री पहुँचाई। उन्होंने कहा कि अगर अन्य स्कूलों को भी ऐसी ज़रूरत होगी तो कमेटी उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार है। इस प्रयास ने समुदाय के बीच अच्छी खासी चर्चा भी पैदा कर दी है और लोगों को इस बात की खुशी है कि मदद इतनी जल्दी पहुँची। SGPC ने आश्वासन दिया है कि जब तक पानी पूरी तरह से साफ नहीं हो जाता, तब तक सेवा कार्य लगातार जारी रहेगा।


