पंजाब में हेल्थ कार्ड योजना अब दिसंबर में लॉन्च होगी:बाढ़ के कारण सरकार ने लॉन्चिंग टाली, ₹10 लाख तक मुफ्त इलाज मिलना था

पंजाब में हेल्थ कार्ड योजना 2 अक्टूबर को लॉन्च नहीं होगी। बाढ़ की वजह से अब सरकार ने इसे दिसंबर में लॉन्च करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने मीडिया से सवाल-जवाब के दौरान दी। उन्होंने बताया कि टेंडर आदि की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए बकायदा फंड रखा गया है। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपए तक की मुफ्त इलाज सुविधा मिलनी थी। पंजाब सरकार ने दावा किया था कि इस स्कीम में राज्य के सारे सरकारी और नामी प्राइवेट अस्पतालों को शामिल किया जाएगा। वहीं, जो हेल्थ कार्ड बनेगा, उसमें गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा लोगों को दी जाएगी। हालांकि, बरनाला और तरनतारन में स्कीम के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी है। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का आज दूसरा दिन है। बाढ़ से 23 जिले प्रभावित, अटकी रही टेंडर प्रक्रिया
पंजाब सरकार पिछले कई महीनों से पंजाब में हेल्थ कार्ड योजना लॉन्च करने की तैयारी में थी। इसी बीच अगस्त महीने के अंत में पंजाब में बाढ़ आ गई। राज्य के सभी 23 जिले इससे प्रभावित हुए। इसके अलावा टेंडर प्रक्रिया बीच में ही रुक गई। अब सरकार ने इसे दिसंबर में लॉन्च करने का फैसला किया है। पंजाब में अभी मुख्यमंत्री सरबत सेहत बीमा योजना चल रही
पंजाब में पहले से ही मुख्यमंत्री सरबत सेहत बीमा योजना चल रही है, जिसके तहत सरकारी और पैनल वाले अस्पतालों में 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलता है। इस योजना में राज्य के 80 प्रतिशत लोग कवर होते हैं। इसके अलावा, आयुष्मान भारत योजना केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही है, इसके तहत पूरे भारत में गरीबी रेखा से नीचे के लोगों को सरकारी और सूचीबद्ध अस्पतालों में 5 लाख तक के इलाज की सुविधा दी जाती है। यह योजना सभी राज्यों में लागू है, लेकिन इसमें राज्य सरकार की भागीदारी जरूरी है। यह योजना पंजाब के सभी लोगों के लिए थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *