अमृतसर गुरुद्वारा छेहरटा-साहिब में श्रद्धा की डुबकी:जोड़ मेले की रौनक, बारिश के बावजूउमड़ा श्रद्धालुओं का आस्था और भक्ति से भरा विशाल सैलाब

अमृतसर में आज शुक्रवार को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री छेहरटा साहिब में जोड़ मेले के दौरान आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही अमृतसर और आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब पहुंच रहे हैं। सुबह से हल्की बारिश होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है, संगत गुरु घर में मत्था टेककर सुख-शांति, परिवार की खुशहाली और संतान प्राप्ति की अरदास कर रही है। बसंत पंचमी के मौके पर श्रद्धालु पवित्र सरोवर में स्नान कर रहे हैं। मान्यता है कि इस पावन स्नान से मन को शांति और आत्मिक सुकून मिलता है। बारिश के बीच भी श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ सरोवर स्नान कर रहे हैं, जिससे संगत की गहरी आस्था साफ झलक रही है। छेहरटा चौक से गुरुद्वारा साहिब तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा रास्ता श्रद्धालुओं से खचाखच भरा हुआ है। बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के वाहनों को गुरुद्वारा साहिब से दूर खड़ा करने के विशेष इंतजाम किए गए हैं। गुरुद्वारा साहिब के दोनों प्रवेश द्वारों पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष नतमस्तक होने के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं। पवित्र सरोवर में स्नान के बाद श्रद्धालु मुख्य भवन में शीश नवाकर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। गुरुद्वारा साहिब में सजाए गए दीवान में रागी जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन किया जा रहा है, जिससे बारिश के बीच भी पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है। जोड़ मेले में बच्चों के लिए भी विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है। बच्चे मनपसंद खिलौने और वस्तुएं खरीद रहे हैं, वहीं खानपान के स्टालों पर भी भारी भीड़ उमड़ी हुई है। खेतों में लगाए गए किश्ती, चरखी, झूले और छोटे झूले मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *