केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टाम्टा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि वह पंजाब सरकार को पत्र लिखकर राज्य में हो रही अवैध खनन (नाजायज़ माइनिंग) पर सख्त कार्रवाई करने की मांग करेंगे। मंत्री ने कहा कि अवैध खनन के कारण केंद्र सरकार द्वारा बनाई जा रही सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों को भारी नुकसान हो रहा है। विशेष ध्यान रखने की जरूरत अजय टाम्टा ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि इससे जनता के पैसों से बनाई जा रही सड़कें भी जल्दी खराब हो रही हैं। उन्होंने ज़िम्मेदारी तय करते हुए कहा कि क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि ओवरलोड वाहन सड़कों और हाईवे पर न चलें। हादसों की आशंका राज्य मंत्री ने यह भी कहा कि आरटीओ यह सुनिश्चित करें कि वाहनों की तस्वीरों और दस्तावेजों में दर्ज क्षमता के मुताबिक ही उनका लोड रखा जाए। अगर वाहन अपनी निर्धारित क्षमता से अधिक माल ढोते हैं तो इससे सड़कों की हालत बिगड़ती है और हादसों की आशंका भी बढ़ती है। उनका कहना था कि केंद्र सरकार देशभर में बेहतर और मजबूत सड़क नेटवर्क तैयार कर रही है, लेकिन अगर अवैध खनन और ओवरलोडिंग जैसी गतिविधियों पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो इन परियोजनाओं का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा।


