डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों आज अमृतसर पहुंचे और सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका। उन्होंने अमृत-वाणी कीर्तन का श्रवण किया और देश–दुनिया के कल्याण की अरदास की। दर्शन के दौरान बाबा जी ने हमेशा की तरह मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी राजनीतिक या सामाजिक मुद्दे पर टिप्पणी नहीं की। यह उल्लेखनीय है कि बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों बीते छह महीनों में दूसरी बार अमृतसर पहुंचे हैं। उनके आगमन को लेकर सुबह से ही प्लाजा क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या देखने को मिली। दर्शन के बाद बाबा अपने काफिले के साथ अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गए। जसदीप सिंह गिल को बनाया था उत्तराधिकारी बता दें कि, डेरा राधा स्वामी ब्यास के मुखी ने 45 वर्षीय जसदीप सिंह गिल को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। इस घोषणा के बाद प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि अभी बाबा गुरिंदर सिंह ही डेरा प्रमुख हैं और नए बाबा जी साथ बैठेंगे। बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों कैंसर और हृदय रोग से पीड़ित हैं। डेरा ब्यास का राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में विशेष प्रभाव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ नेता यहां आ चुके हैं। बिक्रम मजीठिया की एक मुलाकात चर्चा में रही हाल ही में बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों और अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम मजीठिया की एक मुलाकात चर्चा में रही थी। यह मुलाकात तब सुर्खियों में आई जब मजीठिया के खिलाफ चल रहे केस के बीच उनकी यह निजी भेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। बाबा ढिल्लों की आध्यात्मिक यात्राएं आमतौर पर शांत माहौल में होती हैं, लेकिन हाल की घटनाओं ने इस यात्रा पर भी लोगों का अतिरिक्त ध्यान खींचा है। आज श्री हरमंदिर साहिब में उनका आगमन पूरी तरह श्रद्धा और शांति के वातावरण में संपन्न रहा। स्थानीय संगत का कहना है कि बाबा जी के अमृतसर आने से सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक वातावरण बढ़ता है। पुलिस ने भी पूरे रूट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो।


