अमृतसर में रविवार रात 12.30 बजे के करीब पुलिस और गैंगस्टर जैसल चंबल के गुर्गे के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी की गोली लगने से मौत हो गई। मुठभेड़ में एक एएसआई भी घायल हुआ है। मुठभेड़ में मारे गए आरोपी की पहचान राजा सिंह उर्फ बिल्ला निवासी चीमा कलां, तरनतारन के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके दूसरे साथी शम्मी कुमार को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने 16 नवंबर को गैंगस्टर जैसल चंबल के कहने पर गांव धूलका में मनजीत सिंह (65) की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हत्या से पहले गैंगस्टर जैसल चंबल ने मृतक के बेटे लखविंदर सिंह को फोन कर 50 लाख की फिरौती भी मांगी थी पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 पिस्टल व कारतूस भी बरामद किए हैं। गोलीबारी में एएसआई भी घायल डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राजा उर्फ बिल्ला किसी एक बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए ब्यास के नजदीक पुल सुआ टोंग के पास घूम रहा है। इसी के आधार पर एसआई नरेश कुमार ने पुल पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होता हुआ आया तो उसे शक के आधार पर रोका गया। वह पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। आरोपी का मोटरसाइकिल भागते समय स्लिप कर गया और पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।


