अमृतसर जिले के लोपोके कस्बे में उस समय सनसनी फैल गई जब पटरियों से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। जानकारी मिलते ही ए.एस.आई. प्रशोत्म शर्मा अपनी टीम सहित तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले ने पटरियों के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति के पड़े होने की जानकारी दी थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि लगभग 32 वर्षीय एक युवक का शव झाड़ियों के बीच पड़ा हुआ है। मृतक ने पीले रंग की जैकेट और नीली जींस पहन रखी थी। शव के बिल्कुल पास ही एक हीरो कंपनी की काले रंग की मोटरसाइकिल मिली, जिसका नंबर PB 17 A 9855 बताया जा रहा है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो पाई। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी नीरज कुमार और थाना लोपोके के प्रभारी नरिंदर सिंह भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। आत्महत्या है या कोई अन्य कारण जांच जारी शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर अजनाला मोर्चरी में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है, ताकि यदि कोई परिजन पहचान के लिए आगे आए तो उसकी पुष्टि की जा सके। फिलहाल पुलिस ने धारा 174 CrPC के तहत कारवाई शुरू कर दी है और यह जांच भी जारी है कि युवक की मौत दुर्घटना से हुई है, आत्महत्या है या कोई अन्य कारण इसके पीछे है। पुलिस का कहना है कि मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर भी पहचान की कोशिश की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।


