अमृतसर में नशा तस्करी का खुलासा:i20 से आरोपी काबू, एक्टिवा से दो किलो हेरोइन बरामद, चार गिरफ्तार, जांच जारी

अमृतसर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को सोमवार रात बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शहर में चल रहे नशे के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए पुलिस ने दो किलो हेरोइन बरामद की है और इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस को एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मीडिया से बातचीत करते हुए एसीपी कपिल कौशल ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ युवक i20 कार के जरिए हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही तुरंत अलग-अलग टीमों का गठन किया गया और शहर के विभिन्न इलाकों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी गई। इसी दौरान एक i20 कार को रोककर उसमें सवार युवकों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि नशीला पदार्थ कार में नहीं, बल्कि एक स्कूटी में छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस आरोपियों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची और स्कूटी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कूटी से करीब दो किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। चार आरोपी गिरफ्तार, लोहरी गेट के रहने वाले एसीपी कपिल कौशल ने बताया कि इस पूरे मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी अमृतसर के लोहरी गेट इलाके के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला किसी छोटे गिरोह तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी और और भी बड़ी बरामदगी होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *