अमृतसर ग्रामीण के थाना महिता पुलिस ने एक बड़ी वारदात टालते हुए एक आरोपी को दबोच लिया, हालांकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार समेत सामान बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। एसएसपी IPS सुहैल मीर के निर्देश पर DSP जंडियाला रविंदर सिंह की अगुआई में अपराधियों व तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। टीम को सूचना मिली कि तेगविंदर सिंह उर्फ जगा और उसका साथी हरजिंदर सिंह अवैध हथियार के साथ स्विफ्ट कार में घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार इस पर थाना महिता पुलिस ने पुल बाईपास धरीदा पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध स्विफ्ट कार दिखाई दी। पुलिस ने इशारा कर उसे रुकवाना चाहा, लेकिन ड्राइवर कार रोककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की तरफ भाग गया। हालांकि, पुलिस ने कार की सह-चालक सीट पर बैठे हरजिंदर सिंह को तुरंत दबोच लिया। दूसरे साथी का मोबाइल फोन मिला हरजिंदर सिंह, पुत्र जोगा सिंह, निवासी पत्ती मेके सिटियाल से 30 बोर की अवैध पिस्तौल, 30 बोर के दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। स्विफ्ट कार नंबर DL 2C AL 4430 को जब्त कर लिया गया है। साथ ही, ड्राइवर सीट से मिला मोबाइल फोन फरार आरोपी जगा का पाया गया। नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा, गिरफ्तार आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच भी गहराई से की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस वारदात के पीछे और कौन शामिल था।


