अमृतसर में लोहड़ी पर्व के दौरान कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई है। मजीठा रोड क्षेत्र में पतंग उड़ाते समय कुछ युवकों द्वारा सरेआम फायरिंग की गई। फायरिंग किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि युवक लोहड़ी का जश्न मनाते हुए हवाई फायरिंग कर रहे हैं। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है, हालांकि गनीमत रही कि फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। पुलिस बोली- आरोपियों की पहचान, जल्दी होगी गिरफ्तारी घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे त्योहारों को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा ऐसी गैरकानूनी और खतरनाक गतिविधियों से दूर रहें।


