पंजाब की अमृतसर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 2 किलो 124 ग्राम हेरोइन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान तरनतारन जिले के गांव बुर्ज के 27 वर्षीय मनतेज सिंह के रूप में हुई है। साथियों के साथ की थी युवक की हत्या विशेष जांच में पता चला है कि मनतेज सिंह पहले से ही एक हत्या के मामले में वांछित था। 10 जुलाई 2023 को दर्ज मामले में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रिंसिपल सिंह उर्फ प्रिंस की निर्मम हत्या की थी। पीड़ित को पहले प्रताड़ित किया गया, उसका अंगूठा काटा गया और बाद में उसका शव एक पुराने घर में रेलिंग से लटका मिला था। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस डीसीपी हरप्रीत सिंह मंडेर के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ-1 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छेह रटा के घनूपुर काले क्षेत्र से आरोपी को पकड़ा। पुलिस आयुक्त ने बताया कि टीम अब ड्रग्स के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी अब तक कितनी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी कर चुका है।


