अमृतसर में 2 आतंकी गिरफ्तार:थाने पर फेंके थे बम, विदेश से टारगेट मिला था, हैंड ग्रेनेड-पिस्टल, हेरोइन मिली

स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) अमृतसर ने पुलिस स्टेशन इस्लामाबाद पर हैंड ग्रेनेड फेंकने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी से नार्को-टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ है। यह मॉड्यूल विदेश में बैठे ऑपरेटर चला रहे थे। आरोपियों ने 17 दिसंबर 2024 को ग्रेनेड हमला किया था। डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों गुरजीत सिंह (निवासी डांडे, अमृतसर ग्रामीण) और बलजीत सिंह (निवासी छप्पा, तरनतारन) को गिरफ्तार किया है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि एसएसओसी अमृतसर को गुप्त सूचना मिली थी कि अमेरिका आधारित नशा तस्कर संदीप सिंह उर्फ़ सीपू एक तस्करी नेटवर्क चला रहा है और अपने साथियों के माध्यम से पाकिस्तान से भारत में नशीले पदार्थ और हथियारों की खेप प्राप्त कर रहा है। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए, एसएसओसी अमृतसर की टीमों ने उसके साथी गुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 1.4 किलो हेरोइन बरामद की। डीजीपी ने बताया कि गुरजीत सिंह की गिरफ्तारी के बाद की गई बारीकी से जांच और इसके पूर्व-पश्चात संबंधों की निरंतर तफ्तीश से पता चला कि गुरजीत सिंह ने अपने साथी बलजीत सिंह के साथ मिलकर, विदेश में स्थित एक व्यक्ति के निर्देश पर, जो संदीप सीपू द्वारा उससे परिचित कराया गया था, इस्लामाबाद पुलिस स्टेशन पर हैंड ग्रेनेड हमला किया था। हैंड ग्रेनेड भी किया गया जब्त एआईजी एसएसओसी अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने कहा कि अब तक की जांच में पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 1.4 किलो हेरोइन, 1 हैंड ग्रेनेड और 2 पिस्तौल बरामद की हैं। यह बरामदगी नार्को-टेरर का साफ उधारण है, जिसमें संगठित तरीके से भारत में नशा और हिंसा फैलाने की कोशिश एक साथ की जा रही है। बब्बर खालसा इंटरनेशनल करवा रहा धमाके इस मामले की जांच के दौरान पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे संचालकों के निर्देश पर काम कर रहे थे। बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी हैप्पी पासियां, साथी जीवन फौजी औरी गोपी नवांशहरिया पहले ही इस हमले की जिम्मेदारी ले चुके हैं। ये संचालक न केवल हथियार और ड्रग्स की आपूर्ति करते थे, बल्कि इनकी मदद से भारत में आतंक फैलाने की योजनाओं को भी अंजाम दिया जा रहा था। अभी तक 16 आरोपी काबू, 3 यूपी में मारे पुलिस ने कहा है कि इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों को पकड़ने के लिए जांच तेज कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य नेटवर्क्स का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, अभी तक इन दो आरोपियों को मिला कर पुलिस हैप्पी पासियां के 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि, तीन आरोपी यूपी में मारे गए थे। यूपी में मारे गए आरोपी, गुरदासपुर में ब्लास्ट कर यूपी भाग गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *